वाराणसी: बनारस में चल रहे यातायात पुलिस के चेकिंग अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश चालक वेलफेयर सोसाइटी ने अपना समर्थन जताया है. सोसाइटी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शहर में कुछ अवैध लोग यूनियन के नाम पर अवैध रूप से गाड़ियों का संचालन करा रहे हैं, जो पूरी तरह निंदनीय है. ऐसे अवैध संगठनों और लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष जुबैर खान “बागी” और जिला अध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि वाराणसी कमिश्नरेट में संचालित सभी संगठनों के पंजीकरण और दस्तावेजों की जांच कराई जानी चाहिए, ताकि असली और फर्जी संगठनों की पहचान हो सके.
सोसाइटी ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भीषण गर्मी, बरसात और सर्दी में लगातार मेहनत कर शहर की यातायात व्यवस्था संभालते हैं. इसके बावजूद कई चौराहों पर उनके बैठने और आराम करने की उचित व्यवस्था नहीं है.
उत्तर प्रदेश चालक वेलफेयर सोसाइटी ने मांग की कि शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मियों के लिए बूथ बनाए जाएं, ताकि ड्यूटी के दौरान उन्हें कुछ राहत मिल सके. बयान में यह भी कहा गया कि कुछ तथाकथित लोग यातायात पुलिस पर बेबुनियाद आरोप लगाकर माहौल खराब करने और गुंडागर्दी करने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे लोगों की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
इस दौरान विनोद मोनकर, मुन्ना अहमद, जावेद अहमद, दिनेश समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
No comments:
Post a Comment