5/12/2026

वाराणसी डीएम हुए सख्त शिक्षा व्यवस्था पर तीन खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोका


वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को राइफल क्लब में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर स्कूल चलो अभियान और विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में बच्चों के नामांकन, ट्रांजिशन रेट और निर्माण कार्यों में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

डीएम ने कक्षा 5 से 6 और कक्षा 8 से 9 में बच्चों के नामांकन की समीक्षा के दौरान पाया कि चिरईगांव, काशी विद्यापीठ और नगर क्षेत्र में प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कक्षा 5 और 8 पास करने वाले सभी बच्चों का अगले वर्ग में दाखिला सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में वाशिंग मशीन और जनरेटर की खरीद तत्काल करने, रिक्त पदों पर जून तक नियुक्तियां पूरी करने तथा ईसीसीई एजुकेटर की भर्ती प्रक्रिया जल्द समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने डीबीटी के तहत अभिभावकों के खातों में भेजी जा रही 1200 रुपये की धनराशि के सदुपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की मदद से स्कूलों में स्टॉल लगाकर यूनिफॉर्म सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, दिव्यांग बच्चों के मेडिकल कैंप और विद्यालय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव समेत शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment