वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन अपने नाम कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, कुटुंब रजिस्टर और अन्य कागजात तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला मु0अ0सं0 079/2026 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने 16 मार्च 2026 को न्यायालय के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने कूटरचना कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन अपने नाम करा ली। मामले में रोहनिया थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान रोहनिया पुलिस टीम ने रविवार को मिशन शक्ति केंद्र, थाना रोहनिया क्षेत्र से करीब 44 वर्षीय महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, महिला कांस्टेबल रोशनी गुप्ता और कांस्टेबल काजल शामिल रहीं।
No comments:
Post a Comment