5/22/2026

काशी के गंगा घाट पर कथित रूप से शराब सेवन का वायरल वीडियो अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है।वायरल वीडियो के बाद दशाश्वमेध थाने में BNS की धारा 196 और 299 में मुकदमा दर्ज


वाराणसी। काशी के गंगा घाट पर कथित रूप से शराब सेवन का वायरल वीडियो अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले में दशाश्वमेध थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

इस मामले में अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप लगाया गया कि मां गंगा के पावन तट पर खुलेआम शराब/बियर सेवन कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हुआ।

तहरीर में कहा गया कि मां गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और गंगा घाट पूजा, साधना व आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक माना जाता है। ऐसे स्थान पर मद्यपान और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताया गया।

मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घाटों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

No comments:

Post a Comment