6/05/2026

कमिश्नरेट वाराणसी में कुल 50 परीक्षा केंद्र कर तैयार केंद्रों पर 1.32 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा.



वाराणसी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

यातायात लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निगम, विद्युत विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

*तीन दिनों तक चलेगी परीक्षा*

पुलिस भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

*50 परीक्षा केंद्र, 1.32 लाख से अधिक अभ्यर्थी*

कमिश्नरेट वाराणसी में कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में लगभग 22,032 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। तीन दिनों में कुल 6 पालियों के दौरान करीब 1,32,192 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

*ड्रोन, सीसीटीवी और साइबर निगरानी से होगी सुरक्षा*

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, बॉडी-वॉर्न कैमरे और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। नकल माफिया, सॉल्वर गैंग, फर्जी अभ्यर्थियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

*यातायात और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त*

परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मार्गदर्शन केंद्र, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

*अभ्यर्थियों से अपील*

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, केवल अनुमन्य सामग्री साथ लाने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने को कहा गया है।

प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना है।

No comments:

Post a Comment