6/05/2026

नाबालिग के हाथों थार बनी मौत का फरमान! औरंगाबाद में मचाया तांडव, दुकान में घुसी SUV; ACP चेतगंज के निर्देश पर चालक व वाहन मालिक पर सख्त कार्रवाई


वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में गुरुवार को एक तेज रफ्तार थार ने जमकर कहर बरपाया। नाबालिग चालक द्वारा चलाई जा रही काले रंग की थार ने पहले एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी, फिर घबराहट में बेकाबू होकर कई लोगों को रौंदते हुए दूध-मलाई की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

*पुलिस के अनुसार*

यूपी-65 जीबी 1212 नंबर की थार में तीन नाबालिग सवार थे। वाहन को टेढ़ी नीम निवासी 17 वर्षीय प्रिन्स साहनी चला रहा था, जबकि उसके साथ अगस्तकुंडा, गोदौलिया निवासी अक्षय यादव (16 वर्ष)और मानमंदिर निवासी पीयूष साहनी (17 वर्ष) मौजूद थे। तीनों औरंगाबाद से रामकुंड की ओर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार ने पहले एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक घबरा गया और वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। बेकाबू थार ने सड़क पर मौजूद लोगों को चपेट में लेते हुए सीधे मुन्नालाल की प्रसिद्ध दूध-मलाई की दुकान में घुसकर भारी नुकसान पहुंचाया।

इस हादसे में रंगनाथ पांडेय (30 वर्ष), विश्वभर नाथ चौरसिया (72 वर्ष) और मीता सोनकर (55 वर्ष)घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।

घटना की सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। मामले में तहरीर प्राप्त होने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसीपी चेतगंज शुभम कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन स्वामी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों को वाहन सौंपने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ऐसे हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

No comments:

Post a Comment