वाराणसी श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति द्वारा अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के चंदनवाड़ी में संचालित 26वें विशाल भंडारे के सफल समापन के बाद वाराणसी लौटे सेवादारों का कैंट रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। बेगमपुरा एक्सप्रेस से पहुंचे करीब 20 सेवादारों का समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विवेक श्रीवास्तव, संतोष जायसवाल, पियूष गुप्ता, राजेश जायसवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। अमरनाथ यात्रा में सेवा कार्य करने वाले दल का नेतृत्व अजीत साव, जितेंद्र साहनी, काजू, वीरेंद्र सिंह एवं अखिलेश यादव ने किया।
समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' ने बताया कि संस्था पिछले 26 वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनवाड़ी में विशाल भंडारे का संचालन कर रही है। इस वर्ष भी महादेव की कृपा से हजारों श्रद्धालुओं की सेवा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ की गई तथा यात्रियों को भोजन, जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी भंडारे में पहुंचे और सेवादारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने बनारसी व्यंजनों, विशेषकर पूड़ी, कचौड़ी, जलेबी, दूध और बनारसी पान की सराहना करते हुए सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों के समर्पण की प्रशंसा की।दिलीप सिंह 'बंटी' ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान करीब सवा महीने तक परिवार से दूर रहकर कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सेवा करना आसान नहीं होता। समिति के सभी सेवादार बिना किसी पारिश्रमिक के निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं और यही संस्था की सबसे बड़ी पहचान है।उन्होंने कहा कि समिति में विभिन्न आयु वर्ग और अलग-अलग व्यवसायों से जुड़े लोग शामिल हैं, जो हर वर्ष अपनी जिम्मेदारियों से समय निकालकर बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा के लिए अमरनाथ पहुंचते हैं। संस्था श्रद्धालुओं के लिए भोजन, साधु-संतों की सेवा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का कार्य लगातार करती आ रही है।समिति ने इस वर्ष के भंडारे के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों, दानदाताओं, प्रशासन, सुरक्षा बलों तथा श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी सेवा भावना के साथ कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।
No comments:
Post a Comment