वाराणसी। मानसून से पहले शहर को जलभराव मुक्त बनाने के अभियान के तहत नगर निगम ने नाला सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के औचक निरीक्षण में कई स्थानों पर सफाई कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके बाद संबंधित *फर्म अध्या ट्रेडर्स* पर *50 हजार रुपये का जुर्माना* लगाया गया और जिम्मेदार अवर अभियंता *पंकज पटेल* को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।
नगर आयुक्त ने सुंदरपुर, साकेत नगर, संकट मोचन और नरिया नाला क्षेत्र का निरीक्षण कर नाला सफाई की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुंदरपुर मछली मंडी के पीछे स्थित नाले में भारी मात्रा में सिल्ट, झाड़-झंखाड़ और उगी हुई वनस्पतियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नालों की तली तक सफाई सुनिश्चित की जाए। पहले भी इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्य की गुणवत्ता में कमी पाई गई, जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए सभी एजेंसियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा। लापरवाही मिलने पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। निरीक्षण के दौरान *अधिशासी अभियंता आगम कटियार, सहायक अभियंता कपीश बुधौलिया* सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
*मुख्य बिंदु*
• नाला सफाई में खामियां मिलने पर नगर निगम का सख्त एक्शन
• अध्या ट्रेडर्स पर ₹50 हजार का जुर्माना
• अवर अभियंता पंकज पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि
• सुंदरपुर, साकेत नगर, संकट मोचन और नरिया क्षेत्र का हुआ निरीक्षण
• मानसून से पहले जलभराव रोकने पर नगर निगम का फोकस
No comments:
Post a Comment