6/18/2026

दयाशंकर मिश्र 'दयालु' पराड़कर स्मृति भवन के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण, पत्रकारिता की विरासत को मिला नया सम्मान

वाराणसी स्थित पराड़कर स्मृति भवन में गुरुवार को विधायक निधि से कराए गए सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण आयुष एवं औषधि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संप्रेषण नहीं, बल्कि समाज को उसका वास्तविक स्वरूप दिखाने और जनभावनाओं को आवाज देने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि काशी सदियों से ज्ञान, चिंतन और वैचारिक परंपरा की धरती रही है। यहां से निकले विचारों और पत्रकारिता की आवाजों ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। पराड़कर स्मृति भवन पत्रकारिता के मूल्यों और आदर्शों का प्रतीक है, जिसके संरक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि तमाम चुनौतियों के बीच पत्रकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि काशी आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना रही है।

कार्यक्रम में काशी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पत्रकार संघ को वाटर कूलर उपलब्ध कराने वाले मालवीय मार्केट व्यावसायिक संघ के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment