वाराणसी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा जनपद वाराणसी के तत्वावधान में मंगलवार को भगवान श्रीचित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा जगतगंज स्थित डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दक्षिणी गेट से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई। इसके बाद रामकटोरा, पिपलानी कटरा तिराहा और लहुराबीर होते हुए पुनः विश्वविद्यालय के दक्षिणी गेट पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा का शुभारंभ पुष्पों से सुसज्जित भव्य रथ पर विराजमान भगवान श्रीचित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इस दौरान डमरू और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में पांच आकर्षक रथों पर भगवान श्रीचित्रगुप्त जी, ब्रह्मा जी, भगवान शंकर, माता पार्वती, राधा-कृष्ण तथा भगवान श्रीचित्रगुप्त जी के परिवार की सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
बैंड-बाजे, ढोल और डमरू की गूंज के बीच बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पारंपरिक परिधान एवं पगड़ी धारण कर शामिल हुए। रास्ते भर श्रद्धालु भगवान श्रीचित्रगुप्त जी के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन पर झूमते नजर आए। जगह-जगह मकानों की छतों से श्रद्धालुओं ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष ने कहा कि भगवान श्रीचित्रगुप्त जी की आराधना से विद्या, बुद्धि, आर्थिक उन्नति और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। वहीं जिला अध्यक्ष अनुप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन काशी की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करते हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। इसमें सभी जाति और वर्ग के लोगों की सहभागिता सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
शोभायात्रा के समापन पर आयोजन में विशेष योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की पूरी टीम ने किया।
इस अवसर पर अनिल श्रीवास्तव, रमन श्रीवास्तव, शैलेन्द्र श्रीवास्तव मुन्ना, अमन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ मुकेश श्रीवास्तव
मनोज श्रीवास्तव, मुकेश सहारा, आशीष श्रीवास्तव, रजनीकांत श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव, रितेश श्रीवास्तव, ऋतुराज श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, रंजना श्रीवास्तव, निंदिया श्रीवास्तव, माधवी श्रीवास्तव, काजल श्रीवास्तव, डॉ. जया श्रीवास्तव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष अनुप कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
No comments:
Post a Comment