वाराणसी चौकाघाट में राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के पास 12 बिस्वा भूमि अतिक्रमण मुक्त, छह घंटे चला अभियान नगर निगम वाराणसी ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के समीप करीब 12 बिस्वा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। मुख्य मार्ग पर स्थित इस प्राइम लोकेशन की जमीन की बाजार कीमत करीब 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों द्वारा बंजर सरकारी भूमि पर टीन शेड और अस्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था। यहां वाहन खड़े किए जा रहे थे और व्यापारिक गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं। शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जमीन की जांच कराई गई, जिसमें भूमि सरकारी और बंजर श्रेणी की पाई गई।
इसके बाद सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव और नायब तहसीलदार शेष नाथ के नेतृत्व में नगर निगम की प्रवर्तन टीम भारी पुलिस बल और दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान हल्का विरोध भी हुआ, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे अतिक्रमणकारियों की एक नहीं चली।
करीब छह घंटे तक चले अभियान में टीन शेड, दीवार और अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर पूरी जमीन को नगर निगम ने अपने कब्जे में ले लिया।
राजस्व विभाग के अनुसार, चौकाघाट मुख्य मार्ग पर स्थित इस भूमि की कीमत करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये प्रति बिस्वा है। ऐसे में नगर निगम की इस कार्रवाई को भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
No comments:
Post a Comment