वाराणसी। वाराणसी के युवा कुश्ती प्रशिक्षक संतोष कुमार यादव को अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय बालिका कुश्ती टीम का मैनेजर एवं कोच नियुक्त किया गया है। उनके चयन की सूचना मिलते ही खेल प्रेमियों, पहलवानों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसे वाराणसी और पूर्वांचल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
भारतीय कुश्ती संघ ने आगामी एशियाई प्रतियोगिता के लिए संतोष कुमार यादव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। गुरुवार को भारतीय दल वियतनाम के लिए रवाना हो गया, जहां 31 मई तक विभिन्न देशों के पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
संतोष कुमार यादव लंबे समय से कुश्ती खेल से जुड़े हुए हैं और युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए भारतीय कुश्ती संघ ने उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा है। क्षेत्र के लोगों ने इसे वाराणसी के लिए सम्मान और गर्व का क्षण बताया है।
*चयन पर खेल जगत में खुशी*
उनकी नियुक्ति पर भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह बबलू एवं पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं सांसद करण भूषण शरण सिंह, महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय तथा वाराणसी कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह रानू और महासचिव राजकुमार मिश्रा सहित अमरदेव यादव, लालजी पहलवान, मनोहर पहलवान, लालजी यादव उर्फ झगडू भईया, रविंदर मिश्रा, राम सेवक यादव मास्टर साहब, क्षमा पहलवान और गोरख नाथ यादव समेत कुश्ती संघ से जुड़े पदाधिकारियों, वरिष्ठ पहलवानों और प्रशिक्षकों ने संतोष यादव की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना की।
संतोष कुमार यादव वाराणसी जिले के चौबेपुर क्षेत्र स्थित अजांव गांव के निवासी हैं। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने कुश्ती के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
कुश्ती के दम पर ही संतोष यादव ने भारतीय सेना में नौकरी प्राप्त की थी। अब राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह नई जिम्मेदारी उनके खेल जीवन की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
No comments:
Post a Comment