वाराणसी में बकरीद के पर्व के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नगर निगम वाराणसी ने विशेष अभियान चलाया। कुर्बानी के बाद उत्पन्न होने वाले लीदा-पचौनी एवं अन्य जैविक अपशिष्टों के त्वरित निस्तारण के लिए व्यापक स्तर पर संसाधन और मानवबल तैनात किया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर दूसरे दिन भी शहर के 79 चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान जारी रहा। इसके लिए डीपी कंटेनर, कॉम्पैक्टर, हॉपर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडर और डम्पर सहित कुल 94 वाहनों को लगाया गया।
नगर निगम के अनुसार, लगातार संचालन और निगरानी के चलते बकरीद के दौरान शहर भर से लगभग 250 से 280 टन लीदा-पचौनी एवं अन्य अपशिष्टों को एकत्र कर शहर की सीमा से बाहर पहुंचाया गया।
*वैज्ञानिक तरीके से किया गया निस्तारण*
एकत्रित सभी जैविक अपशिष्टों को करसड़ा स्थित प्लांट में ले जाकर विशेष रूप से तैयार किए गए पिट्स में वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारित किया गया, ताकि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
नगर निगम की सक्रियता और चौबीसों घंटे की निगरानी का ही परिणाम रहा कि त्योहार के बाद भी शहर की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था बनी रही।
No comments:
Post a Comment