5/29/2026

मनीष सिंह हत्याकांड पर गरजा प्रशासन! DM-CP से मिली पत्नी, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर एक्शन के संकेत से मचा हड़कंप


वाराणसी। मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर वाराणसी में माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। समर्थकों और करनी सेना के बढ़ते आक्रोश के बीच शुक्रवार को जिला मुख्यालय और कचहरी परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स समेत भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखी गई और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई।

इसी बीच मृतक मनीष सिंह के परिजनों ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों की मानें तो आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। राजस्व विभाग की ओर से कई आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किए जाने की चर्चा भी तेज है।

उधर, करनी सेना द्वारा संभावित विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए कई नेताओं को नजरबंद किए जाने की चर्चाएं भी दिनभर चलती रहीं। जानकारी के मुताबिक लखनऊ में करनी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश रघुवंशी को हाउस अरेस्ट किए जाने की बात सामने आई, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर ऐसी किसी कार्रवाई से इनकार किया है।

कचहरी परिसर में भारी फोर्स की मौजूदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार होने और सुरक्षा कारणों से अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। अधिकारियों के अनुसार कचहरी पहले से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है और वहां नियमित तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू रहती है। पुलिस का कहना है कि इस तैनाती का मनीष सिंह हत्याकांड से सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है।

फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रही है।

No comments:

Post a Comment